पंजाब के हॉकी गढ़ों से गुजरकर जालंधर पहुंची एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भव्य स्वागत के साथ संपन्न हुआ सप्ताह भर का ऐतिहासिक दौरा

- Advertisement -
Punjab Government

जालंधर- पंजाब के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी – 2026’ के सप्ताह भर चले भव्य ट्रॉफी टूर का आज खेल नगरी जालंधर में शानदार और ऐतिहासिक समापन हुआ। 18 अक्टूबर को ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम (मोहाली) से शुरू हुआ यह कारवां पंजाब के विभिन्न शहरों और हॉकी की समृद्ध परंपरा से जुड़े कस्बों से गुजरते हुए जैसे ही जालंधर पहुंचा, खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। यहां हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के साथ ओलंपियन हरप्रीत सिंह मंडेर, बलजीत सिंह ढिल्लों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जगदीप गिल ने इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया।

बठिंडा के जिला खेल अधिकारी एवं हॉकी कोच रूपिंदर सिंह बराड़ के मार्गदर्शन में चले इस पूरे सफर के दौरान पदम श्री कोच बलदेव सिंह सहित हरचरण सिंह, हरदीप सिंह ग्रेवाल, चांद सिंह, गगन अजीत सिंह, राजपाल सिंह, प्रभजोत सिंह, जुगराज सिंह, रमनदीप सिंह, धर्मवीर सिंह, रूपा सैनी, बलजीत कौर और रिपुदमन सिंह जैसे कई दिग्गज हॉकी ओलंपियनों और अंतरराष्ट्रीय सितारों ने जगह-जगह इसका जोरदार स्वागत किया।

इस ट्रॉफी टूर का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं और नई पीढ़ी को हॉकी की स्वर्णिम विरासत से जोड़ना तथा खेलों के प्रति गहरा लगाव पैदा करना था। अब इस बहुप्रतीक्षित खिताब के लिए 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक एशिया की छह प्रमुख टीमों मेजबान भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, मलेशिया और चीन के बीच रोमांचक भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट के लीग मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे।

Share This Article
Leave a comment