गढ़दीवाला में पल्स पोलियो अभियान शुरू, सुपरवाइजर डॉ. निर्मल सिंह ने बूथों का किया निरीक्षण

28 से 30 जून तक चलेगा अभियान, 29-30 जून को घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएंगी पोलियो की बूंदें

गढ़दीवाला- सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मंदीप कमल के निर्देशानुसार जिले में 28 से 30 जून तक चल रहे पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन सुपरवाइजर डॉ. निर्मल सिंह ने विभिन्न पोलियो बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य केंद्र दारापुर, हुसैनपुर और पंडोरी अटवाल में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

इस अवसर पर डॉ. निर्मल सिंह ने बताया कि अभियान के दूसरे और तीसरे दिन यानी 29 व 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाएंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं और अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।  उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समय-समय पर निःशुल्क टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है, जिनका सभी को लाभ उठाना चाहिए।

इस दौरान एएनएम अनीता मोहन, हेल्थ वर्कर इंदरजीत सिंह, आशा वर्कर दविंदर कौर, कमलजीत कौर, राज, सरबजीत कौर, आशा फैसिलिटेटर कमलजीत कौर तथा क्लास-4 कर्मचारी कुलविंदर कौर भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment