अखंड केसरी ब्यूरो :- स्कूल शिक्षा विभाग पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत सरकारी स्पोर्ट्स स्कूल, जालंधर में 70वीं पंजाब स्कूल खेलों के अंतर्गत जिला स्तरीय तीन दिवसीय एथलेटिक्स टूर्नामेंट का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) डॉ. गुरिंदरजीत कौर द्वारा बतौर मुख्य अतिथि और उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी बतौर विशेष अतिथि शिरकत करते हुए इस महाकुंभ का उद्घाटन किया, जहाँ उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया। टूर्नामेंट के पहले दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और जैवलिन थ्रो जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राची कुमारी, मनजोत कौर, अनमोलप्रीत कौर, आयुष और आयुष राज जैसे होनहार खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। जिला टूर्नामेंट कमेटी के सहयोग और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को बेहद सफल बना दिया, जिससे आगामी दो दिनों में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का उत्साह और अधिक बढ़ गया है।

