*SHABD, जालंधर, 26 मई:** जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के सौदागरों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए CIA स्टाफ और स्पेशल सेल की टीमों ने अलग-अलग ऑपरेशनों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन और 3 अवैध पिस्तौल बरामद किए हैं।
पहली बड़ी कार्रवाई 19 मई को हुई, जिसमें स्पेशल सेल की टीम ने वेरका मिल्क प्लांट के पास से प्रदीप कुमार उर्फ बाबा को 500 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। जांच के बाद इसके साथी दलजीत सिंह को भी तरनतारन से दबोच लिया गया। दूसरी कार्रवाई में 25 मई को बस स्टैंड के पास से मनजोत सिंह नामक युवक को एक देसी पिस्तौल (32 बोर) और 4 जिंदा कारतूसों के साथ काबू किया गया। इसी कड़ी में 23 मई को CIA स्टाफ ने मकसूदां चौक के पास से संतोष कुमार उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 अवैध पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने के लिए रिमांड हासिल कर गहराई से पूछताछ की जा रही है।
