जालंधर:कमीशनरेट पुलिस जालंधर के थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत आती मकसूदा मंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एसीपी मुख्यालय जालंधर श्री करनैल सिंह (पीपीएस) ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मकसूदा मंडी परिसर में लड़ाई-झगड़े और हंगामे की सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 1 के एसएचओ अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ प्रवासी मजदूर आपस में बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि उनमें से एक व्यक्ति ने तेजधार हथियार से दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही एक आरोपी को दबोच लिया।
वहीं, घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पीड़ित को तुरंत इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और ब्यानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमध दर्ज किया जाएगा। पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।
