जालंधर, 25 अप्रैल: शहर में अपराध मुक्त माहौल, मजबूत कानून व्यवस्था और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर ने आज पुलिस लाइंस स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष साप्ताहिक क्राइम मीटिंग आयोजित की। इस बैठक में शहर के सभी थाना प्रभारी, ईआरएस/ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज, चौकी प्रभारी तथा विभिन्न यूनिट इंचार्ज शामिल हुए। बैठक में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों तथा डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस हेडक्वार्टर श्री परमिंदर सिंह हीर भी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशे के आदी लोगों को पुनर्वास हेतु ओएटी सेंटरों में दाखिल करवाने, थानों में दर्ज मामलों के शीघ्र निपटारे, लूटपाट की घटनाओं पर रोक लगाने, सेफ पंजाब पोर्टल और अन्य लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान सहित शहर की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस कमिश्नर ने दिन और रात के समय गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीमों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने और लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा आदतन अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और सड़कों पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के आदेश दिए गए। बैठक में यह भी कहा गया कि इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 और 1091 का प्रभावी उपयोग कर नागरिकों की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए ताकि जनता और पुलिस के बीच विश्वास और मजबूत हो सके। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने उपस्थित अधिकारियों को ईमानदारी और लगन से ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शहर को अपराध मुक्त बनाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
