नई दिल्ली/वाशिंगटन (SHABD): अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वाशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के मुताबिक, जब ट्रंप कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे ही थे, तभी होटल की लॉबी के पास 4 से 6 गोलियां चलने की आवाजें सुनी गईं। घटना के तुरंत बाद यूएस सीक्रेट सर्विस (US Secret Service) के एजेंटों ने राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी सुरक्षा में ले लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही कि राष्ट्रपति ट्रंप इस हमले में बाल-बाल बच गए।
इतिहास की पुनरावृत्ति:
हैरान कर देने वाली बात यह है कि इसी वाशिंगटन हिल्टन होटल में 45 साल पहले पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर भी जानलेवा हमला हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेने की खबर है। जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे किसी विदेशी साजिश, विशेषकर ईरान के साथ बढ़ते तनाव को जोड़कर भी देख रही हैं।
