जालंधर: 9.5 लाख देकर इटली जाने निकले फिल्लौर के युवक का केन्या में अपहरण, खान बाबा गिरोह ने मांगी 58 लाख रुपये की रंगदारी

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब के जालंधर जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहाँ फिल्लौर के भैणी गाँव के रहने वाले 30 वर्षीय युवक राकेश कुमार को विदेश में डंकी मार्ग के जरिए किडनैप कर लिया गया है। राकेश कुमार के सुनहरे भविष्य का सपना देखकर उसके परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए इटली निवासी परमजीत सिंह और भारसिंहपुर गाँव की एक महिला ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया था। 9 लाख 50 हजार रुपये में तय हुए सौदे के तहत राकेश को जयपुर से दुबई होते हुए केन्या भेजा गया, जहाँ से उसे इटली पहुँचाया जाना था।

हालाँकि, केन्या पहुँचते ही ‘खान बाबा’ नाम से पहचान बताने वाले एक गिरोह ने राकेश और उसके साथ दो अन्य पंजाबी युवकों को बंधक बना लिया। अपहरणकर्ताओं ने युवकों के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की और उनके परिजनों को व्हाट्सएप पर पिटाई के खौफनाक वीडियो भेजकर 5 घंटे के भीतर 70 हजार डॉलर (लगभग 58 लाख रुपये) की रंगदारी माँगी। पीड़ित पिता कश्मीर लाल ने बताया कि पंजाबी और अंग्रेजी में बातचीत कर रहे अपहरणकर्ता का दावा है कि एजेंट परमजीत सिंह से उसके पैसों का लेन-देन है और पैसे मिलते ही वह राकेश को छोड़ देगा। लेकिन अब धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों ने पीड़ित परिवार के फोन उठाने बंद कर दिए हैं। इस मामले में पुलिस ने ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय नेताओं ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर युवक की सुरक्षित भारत वापसी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Share This Article
Leave a comment