अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर देहात पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीमों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जिसके तहत बब्बर खालसा इंटरनेशनल के कुख्यात आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 24 वर्षीय फरार आरोपी रणदीप सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मूल रूप से गांव ढंडौर का रहने वाला रणदीप पिछले 70 दिनों से लगातार फरार चल रहा था और सुरक्षा एजेंसियां उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। इस मामले की शुरुआत तब हुई जब पुलिस ने 26 जुलाई को इसी मॉड्यूल के तहत उसके फुफेरे भाई सतवीर सिंह उर्फ सुखबीर को आदमपुर के पास से गिरफ्तार किया था, जिसके कब्जे से लोहे के डिब्बे में छिपाकर रखा गया 1.580 किलोग्राम वजनी खतरनाक आईईडी (IED), शार्पनेल और बॉल बेयरिंग बरामद हुए थे। पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि इस खतरनाक विस्फोटक को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बीएसएफ हेडक्वार्टर या अन्य संवेदनशील ठिकानों के बाहर ब्लास्ट करने के लिए इस्तेमाल किया जाना था, जिसे रणदीप और उसके भाई ने तय लोकेशन तक पहुंचाना था ताकि रिंदा का स्लीपर सेल किसी बड़े आतंकी कांड को अंजाम दे सके। घटना के बाद से ही रणदीप भूमिगत हो गया था, जिसके पिता एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं और आरोपी करीब दो साल पहले दुबई से वापस लौटा था। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अधिकारी रणदीप के दुबई कनेक्शन, उसके आतंकी नेटवर्क से जुड़ने के कारणों और इन 70 दिनों के दौरान उसके छिपने के ठिकानों के बारे में गहराई से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस के उच्चाधिकारी जल्द ही इस सनसनीखेज आतंकी साजिश और गिरफ्तारी को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम खुलासे कर सकते हैं।

