चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू का नाम घोषित किया। यह सीट जून में आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। चुनाव आयोग ने अभी उपचुनाव की तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन आप ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है।
सभा में घोषणा, संधू आपकी पसंद
तरनतारन में ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण परियोजना के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीम मान ने कहा कि हरमीत संधू आपकी पसंद हैं। वे उपचुनाव में आप के उम्मीदवार होंगे। यह घोषणा स्थानीय समर्थकों के बीच उत्साह लेकर आई, क्योंकि संधू तरनतारन से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे 2002 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में, जबकि 2007 और 2012 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर चुने गए थे।
वहीं, 2024 में शिरोमणि अकाली दल से इस्तीफा देने के बाद वे आप में शामिल हुए, जहां सीएम मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने उनका स्वागत किया था। आप ने संधू को चुना क्योंकि वे स्थानीय मुद्दों, खासकर ग्रामीण और कृषि समस्याओं पर मजबूत पकड़ रखते हैं। जुलाई में आप ने उन्हें तरनतारन हलका इंचार्ज भी नियुक्त किया, हालांकि इससे स्थानीय नेताओं में असंतोष भी पैदा हुआ था। वहीं, पंजाब में 2022 से अब तक आप को सातवां उपचुनाव का सामना करना पड़ रहा है।
