लुधियाना के जगराओं में पिता के सामने ही कबड्डी खिलाड़ी की हत्या:लुधियाना में मामूली बहस पर सीने में गोली मारी

जगराओं, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना के जगराओं में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल की शुक्रवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसके पिता के सामने ही पहले उसे पीटा और फिर गोली मारकर हत्या की दी। यह पूरी वारदात SSP ऑफिस से 250 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। तेजपाल परिवार का इकलौता बेटा था। फिलहाल, पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। उधर, जस्सू कूम नाम के एक युवक ने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली। जस्सी ने लिखा- सत श्री अकाल, सभी भाइयों और बहनों। जगराओं में कबड्डी प्लेयर तेजपाल का गोली मारकर कत्ल किया गया। उसकी जिम्मेदारी मैं जस्सू कूम और मेरा भाई बराड़ ले रहे हैं। यह कत्ल हमने अपनी पर्सनल रंजिश को लेकर किया है।

कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इनसेट में तेजपाल की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इनसेट में तेजपाल की फाइल फोटो।

यह पोस्ट पुलिस के पास भी पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच हो रही है। जो भी तथ्य सामने आए, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, शनिवार को कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान तेजपाल की मां बोली- हम तब तक संस्कार नही करेंगे जब तक मेरे बेटे को इंसाफ नहीं मिलता। बता दें कि वारदात के बाद पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया था, जिसका आज पोस्टमॉर्टम होगा।

शनिवार को फेसबुक पर जस्सू नाम के युवक ने इस हत्याकांड को कराने की जिम्मेदारी ली।
शनिवार को फेसबुक पर जस्सू नाम के युवक ने इस हत्याकांड को कराने की जिम्मेदारी ली।

पहले जानिए तेजपाल के पिता ने पुलिस को क्या बताया

  • ऑयल मिल में पशुओं के लिए फीड लेने गए थे: गिद्दड़विंडी निवासी रघुवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि कि शुक्रवार को वह अपने बेटे तेजपाल के साथ उसके दोस्त प्रलाभ सिंह की कार में ऑयल मिल में खल (पशुओं के लिए फीड) लेने आए थे। ऑयल मिल से फीड लेकर जब वो खल की बोरी कार में रखने लगे तो आरोपी हनी ने उसके बेटे और बेटे के दोस्त के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी।
  • पिता के सामने ही सीने में मारी गोली: इसके बाद आरोपी हनी का भाई काला अपने साथ आठ-नौ लोगों को लेकर मौके पर पहुंचा और उन्होंने मारपीट करनी शुरू कर दी। इतने में हनी ने अपने डब से असलहा निकाला और तेजपाल के सीने में सीधे गोली मार दी और फरार हो गए। इसके बाद जख्मी तेजपाल को सिविल अस्पताल जगराओं ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
  • 21 दिन पहले प्रलाभ सिंह से हुई थी बहस: रघुबीर सिंह ने बताया कि 21 दिन पहले तेजपाल का दोस्त प्रलाभ सिंह अपनी पत्नी और बहन के साथ शॉपिंग करने आया था। आरोपी हनी ने अपने पांच छह दोस्तों के साथ उनको घूर कर देखा था। इस पर प्रलाभ सिंह की उनके साथ बहस हो गई थी। इसी रंजिश में उन्होंने अब उन पर हमला किया और तेजपाल सिंह को जान से मार दिया।
सिविल अस्पताल में पहुंची तेजपाल की मां विलाप करती हुईं।
सिविल अस्पताल में पहुंची तेजपाल की मां विलाप करती हुईं।

पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

पुलिस ने मृतक के पिता रघुवीर सिंह की शिकायत पर हनी, काला, गगन और 8-9 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया। एक टीम डीएसपी, दूसरी टीम सीए स्टाफ और तीसरी टीम थाना पुलिस की बनाई गई है। तीनों टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। रात को टीमों ने आरोपियों के गांव में भी रेड की, लेकिन वो घर पर नहीं मिले। वहीं दूसरी ओर एसएसपी जगराओं ने इस मामले में आसपास के जिलों को भी सूचित कर दिया है।

राजा वड़िंग ने घर पहुंच कर दी परिवार को सांत्वना

वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रधान व लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आज शनिवार को पीड़ित परिवार से मिले। इस दौरान तेजपाल की मां बोली- हम तब तक संस्कार नही करेंगे जब तक मेरे बेटे को इंसाफ नही मिलता। इस पर वड़िग ने कहा कि हम राजनीति नहीं करने आए है, परिवार जो परिवार फैसला करेगा हम उन के साथ खड़े है। केस मजबूती के साथ लड़ेंगे। वकील की फीस भी हम देंगे।

शुक्रवार को हुई इस वारदात के बाद जगराओं से AAP विधायक सरबजीत कौर माणूके तेजपाल के घर पहुंचीं थी। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था।

कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शनिवार को पीड़ित परिवार से मिले।
कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शनिवार को पीड़ित परिवार से मिले।

Share This Article
Leave a comment