जालंधर (सोनू छाबड़ा):- जालंधर के अमन नगर स्थित ज्योति पब्लिक स्कूल में प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर विद्यालय के प्रांगण में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु उप्पल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी निकालकर और मूल मंत्र के जाप के साथ की गई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों और अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके पश्चात विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग सुनाकर सभी को उनके उपदेशों — नाम जपो, कीरत करो, वंड छको — पर चलने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत शब्द कीर्तन ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या मधु उप्पल जी ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, सेवा और परोपकार का संदेश दिया था। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर “सरबत दा भला” की भावना को अपनाना चाहिए। अंत में सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को अध्यापकों के सहयोग से कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया और लंगर का आयोजन किया गया, जिससे पूरे विद्यालय में भक्ति, एकता और सद्भाव का संदेश गूंज उठा।
