पंजाब कांग्रेस में घमासान : नवजोत सिद्धू को प्रियंका गांधी से मिलने का टाइम मिला; राजा वड़िंग पार्टी के पंजाब में हालात पर मंथन के लिए दिल्ली में मीटिंग कर रहे

अमृतसर- पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान में अब पूर्व प्रदेश प्रधान नवजोत सिद्धू 19 दिसंबर को प्रियंका गांधी से मिलेंगे। नवजोत सिद्धू ने इसके लिए टाइम मांगा था। हालांकि नवजोत सिद्धू कल, बुधवार को भी दिल्ली पहुंचे थे लेकिन संसद सत्र के चलते हाईकमान के नेताओं से मुलाकात नहीं हो पाई। नवजोत  सिद्धू हाईकमान की किसी भी कार्रवाई से पहले अपना पक्ष रखना चाहते हैं। दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग का ग्रुप भी पूरा एक्टिव हो गया है। पार्टी के पंजाब में हालात पर मंथन के लिए दिल्ली में मीटिंग की जा रही है। जिसमें प्रभारी भूपेश बघेल और प्रधान राजा वड़िंग मौजूद  हैं। इसके अलावा 2 सहप्रभारी भी हैं। माना जा रहा है कि वडिंग सिद्धू के प्रियंका से मुलाकात के बाद के दांव को संभालने में जुटे हुए हैं।

वहीं हाईकमान भी डॉ. नवजोत कौर के 500 करोड़ रुपए में CM वाले बयान की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी बना चुका है। इसकी अगुआई पार्टी के पंजाब इंचार्ज भूपेश बघेल करेंगे। बाकी मेंबरों के बारे में अभी खुलासा नहीं किया गया है।

हाईकमान ने कौर के बयानों पर कड़ा रुख जताया है। कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के पंजाब इंचार्ज भूपेश बघेल से इसकी डिटेल्ड रिपोर्ट तलब कर ली है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में इस तरह की कलह से हाईकमान नाराज है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने सख्ती दिखाई तो सिद्धू फैमिली की कांग्रेस से छुट्‌टी हो सकती है। हालांकि, अभी तक उनके पति नवजोत सिद्धू ने मीडिया में इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है। उनके अमृतसर आने और फिर मुंबई जाने की खबरें सामने आईं लेकिन वह मीडिया के सामने नहीं आए। पंजाब की पॉलिटिक्स से दूर सिद्धू पहले सोशल मीडिया के जरिए बेबाक बयान देते थे लेकिन अभी इस पूरे मामले पर खामोश   हैं।

Share This Article
Leave a comment