वहीं हाईकमान भी डॉ. नवजोत कौर के 500 करोड़ रुपए में CM वाले बयान की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी बना चुका है। इसकी अगुआई पार्टी के पंजाब इंचार्ज भूपेश बघेल करेंगे। बाकी मेंबरों के बारे में अभी खुलासा नहीं किया गया है।
हाईकमान ने कौर के बयानों पर कड़ा रुख जताया है। कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के पंजाब इंचार्ज भूपेश बघेल से इसकी डिटेल्ड रिपोर्ट तलब कर ली है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में इस तरह की कलह से हाईकमान नाराज है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने सख्ती दिखाई तो सिद्धू फैमिली की कांग्रेस से छुट्टी हो सकती है। हालांकि, अभी तक उनके पति नवजोत सिद्धू ने मीडिया में इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है। उनके अमृतसर आने और फिर मुंबई जाने की खबरें सामने आईं लेकिन वह मीडिया के सामने नहीं आए। पंजाब की पॉलिटिक्स से दूर सिद्धू पहले सोशल मीडिया के जरिए बेबाक बयान देते थे लेकिन अभी इस पूरे मामले पर खामोश हैं।
