16 मई से फिर शुरू हो सकता है IPL- मीडिया रिपोर्ट्स

- Advertisement -
Punjab Government
मुंबई। IPL 16 मई से फिर शुरू हो सकता है। फाइनल मुकाबला 30 मई को मुमकिन है। मीडिया रिपोर्ट्स में BCCI सूत्रों के हवाले से रविवार को यह जानकारी दी गई। अब बाकी 16 मैचों के लिए नया शेड्यूल जल्द जारी होगा। पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच 9 मई को IPL 2025 सस्पेंड करना पड़ा था। BCCI ने लीग को रोकते हुए कहा था कि देश इस समय युद्ध की स्थिति में है। ऐसे में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन ठीक नहीं है।

कितने मैच बाकी हैं?

IPL 2025 के तहत 74 मैच खेले जाने थे। 8 मई तक 58 मैच हो चुके थे। यानी अब 16 मुकाबले बाकी हैं। इनमें 12 मैच लीग स्टेज के हैं और 4 मैच प्ले ऑफ स्टेज के हैं।

किन टीमों के मुकाबले बाकी हैं?

मुंबई, कोलकाता, राजस्थान और चेन्नई के दो-दो लीग मैच बाकी हैं। बाकी टीमों के तीन-तीन लीग मुकाबले अभी होने हैं। टीमों की स्थिति नीचे दिए पॉइंट्स टेबल से समझ सकते हैं। एक टीम को 14 लीग मैच खेलने होते हैं।

कितनी टीमें प्ले ऑफ की होड़ में कायम हैं?

IPL की 10 में से तीन टीमें प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी हैं। हैदराबाद, राजस्थान और चेन्नई ये तीन टीमें   हैं। बाकी टीमें अभी प्ले ऑफ की रेस में बरकरार हैं।

किन शहरों में हो सकते हैं बचे हुए मुकाबले?

जो 16 मुकाबले बाकी हैं वे पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक 9 अलग-अलग शहरों में होने थे। इनमें लखनऊ, हैदराबाद, अहमदाबाद, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, मुंबई, जयपुर और कोलकाता शामिल हैं। अभी यह तय नहीं है कि ये मुकाबले इन तमाम शहरों में होंगे या इनमें कटौती होगी।

क्या सभी विदेशी खिलाड़ी अब भी भारत में मौजूद हैं?

नहीं। BCCI ने जब लीग को सस्पेंड करने का फैसला किया था तब विदेशी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को उनके देश लौट जाने के लिए कहा गया था। इनमें से कई खिलाड़ी अपने घर लौट गए हैं। उन्हें दोबारा बुलाया जाएगा। इस समय दुनिया में कहीं कोई और बड़ी सीरीज नहीं हो रही है लिहाजा इसमें ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए।

क्यों मई में ही बाकी मैच आयोजित कराना चाहता है BCCI

IPL  के लिए हर साल अप्रैल-मई का विंडो उपलब्ध होता है। यानी इस टाइम पीरियड में दुनिया में कहीं और कोई बड़ी सीरीज नहीं हो रही होती है। अगर IPL के बाकी मैच मई में नहीं हुए तो फिर बोर्ड को सितंबर तक का इंतजार करना पड़ सकता है।

जून में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाना है। इसके बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड दौरे पर जाना है, जहां पांच टेस्ट मैचों की सीरीज होनी है। बाकी टीमें भी अगस्त तक अलग-अलग सीरीज में व्यस्त हो जाएंगी।

Share This Article
Leave a comment