फिल्मी अंदाज में हरियाणा के बदमाश का पंजाब में हुआ एनकाउंटर : यूट्यूबर के घर ग्रेनेड से किया था अटैक

- Advertisement -
Punjab Government
जालंधर। पंजाब के जालंधर में आज सुबह फिल्मी अंदाज में पुलिस और हरियाणा के बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें बदमाश को गोली लगी। उसने यूट्यूबर नवदीप सिंह संधू उर्फ ​​रोजर संधू के घर ग्रेनेड हमला किया था। इसके बाद जालंधर पुलिस ने उसे यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस उसे वेपन रिकवरी के लिए ले गई थी। यहां उसने पुलिस पर फायरिंग करने की। इस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें बदमाश को गोली लगी।

इन्फ्लुएंसर के घर के पास ही छिपाए हुए थे हथियार-ग्रेनेड

एनकाउंटर राजयपुर बल्लां के पास किया गया। इस जगह से कुछ ही दूरी पर इन्फ्लुएंसर का घर है, जहां पर वारदात को अंजाम दिया गया था। क्राइम सीन पर जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी गुरमीत सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। पुलिस बदमाश से हथियार और ग्रेनेड बरामद करवाने में जुटी हुई है।

वेपन उठाकर फायरिंग शुरू की, दाईं टांग में पुलिस की गोली लगी

जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि कल देर शाम हमारी टीमों ने यमुनानगर के पास से हार्दिक को गिरफ्तार किया था। यमुनानगर में हुई पूछताछ में आरोपी ने माना कि उसने ही ग्रेनेड फेंका था। आज सुबह जब उसे हथियारों की रिकवरी के लिए लेकर आए तो उसने वेपन हाथ में लेते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जब पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो आरोपी जख्मी हो गया। आरोपी के राइट टांग पर गोली लगी है। दो गोलियां चलाई गई, जिसमें एक गोली बदमाश ने चलाई तो दूसरी गोली पुलिस ने।

शहजाद भट्टी के कहने पर हमला किया

एसएसपी गुरमीत सिंह ने कहा- पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के कहने पर उसने ये वारदात की थी। भट्टी ही आतंकी ग्रुप के साथ मिलकर पंजाब में ये वारदातें करवा रहा है। इस वारदात में दो लोग शामिल थे। फिलहाल आरोपी से एक पिस्तौल बरामद किया है। बाकी भी कई हथियार हैं, जोकि हार्दिक के साथ आए दूसरे साथी के पास हैं। इसकी बरामदगी के लिए हमारी टीमें काम कर रही हैं।

वारदात के लिए 25 हजार रुपए मिले थे

उन्होंने कहा कि मुंबई में NCP (अजित गुट) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या करने वाले जीशान अख्तर के साथ हार्दिक के संबंध थे। वारदात के लिए उसे 25 हजार रुपए दिए गए थे। उसका परिवार खेती करता है।

16 मार्च को यूट्यूबर के घर पर किया था हमला

16 मार्च सुबह करीब 4 बजे जालंधर के रायपुर रसूलपुर इलाके के रहने वाले यूट्यूबर रॉजर संधू के घर अटैक हुआ था। जिस समय उसके घर ग्रेनेड फेंका गया, यूट्यूबर अंदर ही थी। हालांकि, इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि ग्रेनेड फटा ही नहीं। वारदात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हमला करने 2 लोग आए हैं। उन्होंने पिन खींचकर ग्रेनेड फेंका।

Share This Article
Leave a comment