अमृतसर मंदिर में जोरदार बम धमाका : सीसीटीवी फुटेज में दिखे हमलावर

बम फेंकते हुए सीसीटीवी आया सामने।
- Advertisement -
Punjab Government

अमृतसर के खंडवाला इलाके में स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर में धमाका हुआ है। हमलावर मोटरसाइकिल सवार दो युवक थे, जिन्होंने मंदिर पर बम जैसी कोई वस्तु फेंककर हमला किया। हमला सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि ऐसे हमलों के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है।

पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने आईएसआई का हाथ बताया

पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि सीसीटीवी में दो बाइक सवार दिखे हैं, जिन्हें ट्रेस किया जा रहा है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा। आए दिन पाकिस्तानी एजेंसी हमारे गरीब परिवार के युवाओं को भड़का कर ऐसे काम करवा रहे हैं। बीते सुलझे मामलों में भी साफ हुआ है कि आईएसआई वीकर सैक्शन को टारगेट कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी के बहकावे में या पैसों की लालच में ऐसा ना करें। इसका खामियाजा उन्हें भी भुगतना होगा।

पंजाब के माहौल को खराब करने बहुत कोशिशें हो रही-सीएम भगवंत मान

मंदिर परिसर की पहली मंजिल को पहुंचा नुकसान।
मंदिर परिसर की पहली मंजिल को पहुंचा नुकसान।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि बहुत कोशिशें पंजाब के माहौल को खराब करने की हो रही हैं, ताकि राज्य अशांत दिखे। कुछ गैर सामजिक तत्व ऐसी हरकत कर रहे हैं तो पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। पुलिस के पास जो साधन हैं वे अपडेटेड हैं। पंजाब लॉ एंड ऑर्डर के लिहाज से पूरी तरह सेफ हैं। पाकिस्तान से ड्रोन आ रहे हैं। पाकिस्तान की कोशिश है और ये कोशिशें पहले भी होती रही है।

पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू

पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल पर आए थे, उनके हाथ में झंडा था। वे कुछ देर तक मंदिर के बाहर खड़े रहे और फिर मंदिर की तरफ कोई वस्तु फेंकी।

जैसे ही वे वहां से भागे, मंदिर में जोरदार धमाका हुआ। घटना देर रात करीब 12:35 बजे की है। हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। उस समय मंदिर का पुजारी मुरारी लाल शर्मा भी अंदर सो रहा था, लेकिन किस्मत से वह बाल-बाल बच गया। उन्होंने ही रात छेहर्टा थाने में पहुंच घटना की जानकारी दी।

मंदिर की पहली मंजिल को नुकसान

हमलावरों की तरफ से बम पहली मंजिल पर फेंका गया। इससे मंदिर की पहली मंजिल का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस व मंदिर मैनेजमेंट ने क्षतिग्रस्त हिस्से को हरा पर्दा डाल ढक दिया है। पुलिस जांच में जुटी है कि किस तरह की बमनुमा वस्तु को फेंका गया है।

मंदिर को निशाना बनाने का पहला मामला

पिछले साल नवंबर से पंजाब के अमृतसर और आसपास के जिलों में हो रहे धमाकों के बीच किसी धार्मिक स्थल या मंदिर को निशाना बनाने का यह पहला मामला है। इससे पहले अमृतसर और पंजाब के अन्य जिलों में जितने भी धमाके हुए, उनमें से ज्यादातर पंजाब पुलिस के थानों और पुलिस चौकियों के पास हुए।

Share This Article
Leave a comment