अमेरिका : इजराइली एंबेसी के 2 अफसरों की हत्या:हमलावर ने फिलिस्तीन की आजादी के नारे लगाए

- Advertisement -
Punjab Government
वॉशिंगटन।  अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात करीब 9 बजकर 5 मिनट (भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 6 बजकर 35 मिनट) पर यहूदी म्यूजियम के बाहर हुई।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक अपराधी ने ‘फ्री फिलिस्तीन’ का नारा लगाकर दोनों को नजदीक से गोली मारी है। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घटना के वक्त दोनों कर्मचारी कैपिटल यहूदी म्यूजियम से बाहर निकल रहे थे। इजराइली दूतावास ने प्रवक्ता ने कहा कि दोनों ने हाल ही में सगाई की थी और जल्द ही शादी करने वाले थे।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान एलियास रॉड्रिगेज के रूप में हुई है। उसकी उम्र 30 साल है। वह शिकागो का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान वह फिलिस्तीन को आजाद करने के नारे लगा रहा था।

यह टारगेट किलिंग-अमेरिका

पुलिस प्रमुख पामेला स्मिथ ने कहा कि गोलीबारी से पहले एक संदिग्ध को म्यूजियम के बाहर घूमते हुए देखा गया था। उसने बाहर निकलते चार लोगों के एक ग्रुप पर गोलियां चलाईं, जिसमें एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई।

घटना शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां कई म्यूजियम, सरकारी दफ्तर और FBI का ऑफिस भी मौजूद है

अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने कहा कि यह टारगेट किलिंग जैसी घटना है। फिलहाल घटना की जांच चल रही है और जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी। FBI की ज्वॉइंट टेररिज्म टास्कफोर्स इस घटना की जांच में जुट गई है।

हादसे से जुड़ीं तस्वीरें…

वाशिंगटन डीसी में कैपिटल यहूदी म्यूजियम के बाहर पुलिस ने घेराबंदी कर दी है।
वाशिंगटन डीसी में कैपिटल यहूदी म्यूजियम के बाहर पुलिस ने घेराबंदी कर दी है।
घटनास्थल के बाहर इजराइली झंडा ओढे शख्स।
घटनास्थल के बाहर इजराइली झंडा ओढे शख्स।
वॉशिंगटन डीसी में घटनास्थल के बाहर खड़ा एक यहूदी युवक।
वॉशिंगटन डीसी में घटनास्थल के बाहर खड़ा एक यहूदी युवक।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी और अमेरिका में इजराइल के राजदूत येचिएल लीटर ने घटनास्थल का दौरा किया।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी और अमेरिका में इजराइल के राजदूत येचिएल लीटर ने घटनास्थल का दौरा किया।

यह पूरे यहूदी समुदाय पर हमला-इजराइली राजदूत 

संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने इस हमले को यहूदी विरोधी आतंकवाद बताया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे यहूदी समुदाय पर हमला है। उन्होंने अमेरिका से दोषियों पर सख्त एक्शन लेने की अपील की।

इजराइली दूतावास के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों कर्मचारी एक यहूदी कार्यक्रम में भाग ले रहे थे, तभी उन्हें करीब से गोली मारी गई। इस दौरान अमेरिका में इजराइल के राजदूत वहां मौजूद नहीं थे।

पुलिस ने लोगों को उस इलाके से दूर रहने की सलाह दी है, जहां यह हमला हुआ। हालांकि FBI ने कहा है कि अभी स्थिति कंट्रोल में है।

FBI चीफ काश पटेल ने कहा- मुझे और मेरी टीम को इस घटना की जानकारी दी गई है। हम इस पर काम कर रहे हैं। आपको जल्द ही इस बारे में और जानकारी देंगे।

अमेरिकन यहूदी समिति (AJC) के सीईओ टेड ड्यूच ने कहा कि यह कार्यक्रम उनकी संस्था ने आयोजित किया था वह इस हिंसक घटना से बहुत दुखी हैं।

Share This Article
Leave a comment