श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के प्रकाश पर्व पर निकाला गया भव्य नगर कीर्तन, श्रद्धालुओं की उमड़ी अपार भीड़

- Advertisement -
Punjab Government

श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आज श्री अकाल तख्त साहिब, अमृतसर से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा श्रद्धालु संगतों के सहयोग से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। यह नगर कीर्तन पांच प्यारे साहिबानों की अगुवाई में और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में आरंभ हुआ। इस अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज, श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथि ज्ञानी रघबीर सिंह, शिरोमणि कमेटी के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

नगर कीर्तन की रवानगी से पहले धार्मिक शबद गायन, अरदास और आशीर्वाद स्वरूप संदेश दिए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह से गुरबाणी की मधुर धुनों और श्रद्धा से सराबोर हो उठा। कल, गुरु साहिब के प्रकाश पर्व पर श्री गुरु के महल गुरुद्वारे में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा, जिसके उपरांत भव्य गुरमत समागम का आयोजन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु श्री हरमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब को विशेष रूप से सजाया जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, जबकि शाम को दीपमाला और आतिशबाज़ी के कार्यक्रम से श्रद्धा और उल्लास की छटा बिखरेगी।

इस बीच पंजाब सरकार द्वारा नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व के अवसर पर होने वाले आयोजनों की सुचारु रूप से निगरानी हेतु प्रशासनिक तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय मूल्यों की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस अवसर को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए भव्य स्तर पर मनाएगी और केंद्र सरकार से शहीदी दिवस पर एक स्मारक डाक टिकट जारी करने की भी अपील करेगी।

Share This Article
Leave a comment