जालंधर में निवेशकों की सुविधा के लिए डिप्टी कमिश्नर ने शुरू की हेल्पलाइन और व्हाट्सएप एक्शन लाइन सेवा

- Advertisement -
Punjab Government

अखंड केसरी (अंकित भास्कर):- जालंधर प्रशासन ने जिले में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने तथा निवेशकों को सुगम और पारदर्शी सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से एक नई पहल की है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0181-2602139 और व्हाट्सएप एक्शन लाइन नंबर 9646222555 शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी निवेशक या उद्यमी निवेश से जुड़ी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों के माध्यम से सीधा संपर्क कर सकता है। यह घोषणा ज़िला प्रशासकीय परिसर में उद्योगपतियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान की गई, जिसमें डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य निवेश प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और उत्तरदायी बनाना है। पंजाब सरकार की निवेशकों को अनुकूल वातावरण देने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ‘इन्वेस्ट पंजाब बिज़नेस फ़र्स्ट पोर्टल’ पर प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि ज़िले में पहले से ही उद्योगों की सहायता हेतु एक समर्पित सेल कार्यरत है, जो निवेशकों को सभी जरूरी समर्थन प्रदान कर रहा है। इस अवसर पर एस.डी.एम. आदमपुर विवेक कुमार मोदी, जी.एम.डी.आई.सी. दीप सिंह गिल सहित अन्य अधिकारी और निवेशक भी उपस्थित रहे। डॉ. अग्रवाल ने निवेशकों से अपील की कि वे इस हेल्पलाइन और एक्शन लाइन का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यापार को आगे बढ़ाएं और जिले के औद्योगिक विकास में भागीदार बनें।

Share This Article
Leave a comment