ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई मारे गए, सरकारी मीडिया ने की पुष्टि, देशभर में 40 दिन के शोक का ऐलान

अखंड केसरी ब्यूरो :- मिडिल ईस्ट से इस समय की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने पुष्टि की है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मारे गए हैं। प्रेस टीवी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस्लामिक रिवोल्यूशन के नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिका-इजरायल हमले में शहीद हो गए हैं। इस खबर के सामने आते ही पूरे ईरान में शोक की लहर दौड़ गई और सरकार ने देशभर में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी है, साथ ही 7 दिनों की सरकारी छुट्टी का भी ऐलान किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, हमले के वक्त खामेनेई अपने आवास स्थित कार्यालय में मौजूद थे। शनिवार सुबह अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिनमें तेहरान स्थित सुप्रीम लीडर के कार्यालय और रिहायशी परिसर के आसपास भारी बमबारी की गई। इजरायली मीडिया के मुताबिक खामेनेई के कंपाउंड पर करीब 30 बम गिराए गए, जिससे परिसर को गंभीर नुकसान पहुंचा। इससे पहले कई घंटों तक उनकी हालत को लेकर विरोधाभासी खबरें सामने आती रहीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही संकेत दे चुके थे कि इस हमले में ईरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाया गया है, लेकिन उस समय कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। अब ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी ने स्पष्ट रूप से खामेनेई की मौत की पुष्टि करते हुए इसे शहादत बताया है। उल्लेखनीय है कि खामेनेई पिछले 36 वर्षों से ईरान की सत्ता की कमान संभाल रहे थे और उनके नेतृत्व में ईरान ने क्षेत्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाई। उनकी मृत्यु के बाद पूरे देश में गहरा शोक व्याप्त है और मिडिल ईस्ट की राजनीति में बड़े बदलाव की आशंका जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a comment