जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक युवक पीली टी-शर्ट और काले लोअर में नंगे पांव बाइक पर सवार होकर सोसाइटी पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक सवार व्यक्ति उसे सोसाइटी के बाहर छोड़कर जाता दिखा। युवक नंगे पांव इधर-उधर भागता हुआ गेट के पास एक सब्जी विक्रेता के पास पहुंचा और मदद मांगते हुए कहा, “मुझे बचा लो, मैं मर जाऊंगा।”
इसके बाद वह सोसाइटी की S-4 इमारत की सीढ़ियों की ओर भागा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह बेहद घबराया हुआ था और चिल्ला रहा था। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि युवक मोबाइल पर बात करते हुए “मम्मी-मम्मी” चिल्ला रहा था और घबराहट में इधर-उधर दरवाजे खटखटा रहा था। अंततः वह चौथी मंजिल पर पहुंचा और वहीं से छलांग लगा दी।

पिता को नहीं थी बेटे के मोहाली पहुंचने की जानकारी
सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि युवक इलाके का नहीं था। घटना के बाद उसके मोबाइल से संपर्क करने पर दिल्ली में एक व्यक्ति ने फोन उठाया, जिसने खुद को मृतक का पिता बताया। पिता को अपने बेटे के मोहाली पहुंचने की जानकारी नहीं थी।
सोसाइटी के लोगों ने युवक को सिविल अस्पताल खरड़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने शाम को पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खरड़ सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
