अखंड केसरी (राहुल शर्मा) :- जालंधर शहर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। शहर के चुनमुन मॉल के पास पंजाब रोडवेज की बस और एक बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 54 वर्षीय जसविंदर सिंह निवासी नत्थूचाहल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस और बाइक दोनों चुनमुन मॉल की ओर से बस स्टैंड की तरफ आ रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन चौक पार कर रहे थे, इसी दौरान अचानक जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार जसविंदर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस नंबर पीबी 04 एए 7371 के चालक ने बाइक नंबर पीबी 09 क्यू 1716 को टक्कर मारी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बस तथा बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं बस चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच जारी है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
