फगवाड़ा पुलिस क्वार्टर में सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली, डीएसपी योगेश शर्मा की दर्दनाक मौत

अखंड केसरी (राहुल शर्मा ):- फगवाड़ा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां थाना सदर परिसर में बने पुलिस क्वार्टर में सुबह करीब 7:30 बजे सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय अचानक गोली चलने से डीएसपी योगेश शर्मा की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जो पहले एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात थे और तीन दिन पहले ही उनका ट्रांसफर ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन चंडीगढ़ में हुआ था। जानकारी के अनुसार, डीएसपी योगेश शर्मा सुबह अपनी बेटी को कैंब्रिज स्कूल बस में छोड़कर घर लौटे थे। इसके बाद वह अपना हथियार साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई, जो सीधे उनकी छाती में लगी। गोली लगते ही परिवार के सदस्य उन्हें गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पारिवारिक सदस्य स्वरूप शर्मा ने बताया कि योगेश शर्मा परिवार के बेहद जिम्मेदार सदस्य थे और उनके परिवार में एक बेटा आदित्य शर्मा है, जो विदेश में रहता है, जबकि बेटी आदिती शर्मा यहीं रहती है। सिविल अस्पताल की डॉक्टर मनप्रीत कौर गिल ने बताया कि सुबह 10:28 बजे पुलिस कर्मी उन्हें गन शॉट इंजरी की हालत में अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि फगवाड़ा सदर स्थित क्वार्टर में हथियार साफ करते समय गोली चलने से डीएसपी की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी चंडीगढ़ में पोस्टिंग हुई थी और नियम अनुसार उन्हें अपना लाइसेंसी हथियार पुलिस को जमा करवाना था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment