मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ‘सिटिजन-सेंट्रिक’ और आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग के दृष्टिकोण को अमलीजामा पहनाते हुए, पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बुधवार को फिल्लौर स्थित महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी में अत्याधुनिक और नए ‘सांझ सिटीजन पोर्टल’ (saanjh.punjabpolice.gov.in) की शुरुआत की है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पंजाब पुलिस की कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन (CAD) की स्पेशल DGP गुरप्रीत कौर देव भी उनके साथ उपस्थित रहीं। पुलिसिंग सेवाओं को सीधे आम जनता के हाथों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अपग्रेड पोर्टल में 14 नए और बेहद खास डिजिटल फीचर्स जोड़े गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख आधार-सक्षम ई-केवाईसी (Aadhaar-enabled eKYC) वेरिफिकेशन, धोखाधड़ी को पूरी तरह रोकने के लिए क्यूआर-कोड (QR-code) प्रमाणित सर्टिफिकेट, सभी भुगतानों के लिए डिजिटल रसीदें और पूरी तरह से पेपरलेस किराएदार वेरिफिकेशन सिस्टम शामिल हैं। इसके साथ ही, समाज में महिला सुरक्षा और कम्युनिटी पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने के लिए DGP गौरव यादव ने पंजाब पुलिस महिला मित्र और वीमेन हेल्प डेस्क का संचालन करने वाली महिला पुलिसकर्मियों के लिए 93 इलेक्ट्रिक स्कूटरों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पंजाब पुलिस के दो नए आधिकारिक मैस्कॉट (शुभंकर) ‘शेरा’ और ‘शक्ति’ को भी लॉन्च किया गया, जो पुलिस और जनता के बीच के संवाद को और अधिक दोस्ताना तथा सुलभ बनाएंगे।
इस महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार पर बात करते हुए DGP गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि “हक तुम्हारा, फर्ज हमारा” पंजाब पुलिस का मूल सिद्धांत है। यह नया पोर्टल बिचौलियों की भूमिका को पूरी तरह समाप्त कर देगा और नागरिकों को पुलिस दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाएगा। यह राष्ट्रीय डिजिटल पुलिस रिपोजिटरी के साथ भी एकीकृत है, जिससे वाहन एनओसी (NOC) और लापता व्यक्तियों की तलाश जैसे मामलों में पारदर्शिता आएगी।
इस गरिमामयी और ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान पंजाब पुलिस और प्रशासनिक तंत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें कमिश्नर ऑफ पुलिस (CP) जालंधर धनप्रीत कौर, CP लुधियाना स्वपन शर्मा, DIG जालंधर रेंज नवीन सिंगला, डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया, SSP जालंधर रूरल हरविंदर सिंह विर्क, SSP एसबीएस नगर तुषार गुप्ता और SSP लुधियाना रूरल अंकुर गुप्ता शामिल हैं।
