अखंड केसरी ब्यूरो :- कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में दहशत फैलाने और जबरन वसूली (फिरौती) के लिए गोलीबारी करने के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त जालंधर श्री सतिंदर सिंह (IPS), डीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह (PPS), एडीसीपी-II श्री राकेश यादव (PPS) और एसीपी वेस्ट श्री आतिश भाटिया (PPS) के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की जाली नंबर प्लेट तैयार करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 5 जालंधर में 20 जून 2026 को मुकदमा नंबर 139 दर्ज किया गया था, जिसमें जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 61(2), और 111 के तहत जुर्म की बढ़ोतरी की गई थी। मामले की तफ्तीश के दौरान यह बात सामने आई थी कि इलाके में फिरौती के लिए गोली चलाकर दहशत फैलाई गई थी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी गुरलाल सिंह की निशानदेही पर जब वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई, तो उसकी फर्जी नंबर प्लेट बनाने वाले व्यक्ति की पहचान की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को 25 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान ऋषभ पुत्र सुनील कुमार, निवासी गांव कलीजपुर, थाना दीनानगर, जिला पठानकोट के रूप में हुई है। जालंधर पुलिस ने सख्त लहजे में नंबर प्लेट बनाने वाले सभी दुकानदारों को हिदायत दी है कि वे बिना पूरी वेरिफिकेशन के किसी भी वाहन की नंबर प्लेट तैयार न करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मुकदमे में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है और शहर में आपराधिक गतिविधियों तथा दहशत फैलाने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
