जालंधर- ताईवान (चाइनीज ताइपे) में आगामी 9 से 12 जुलाई तक आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘एशिया पैसिफिक टचबॉल चैंपियनशिप’ के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी गई है, जिसमें पंजाब पुलिस की जांबाज खिलाड़ी कुलदीप कौर को भारतीय टीम की कमान सौंपते हुए कप्तान नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, पंजाब पुलिस की ही एक अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी मनदीप कौर को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है, जो इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस चैंपियनशिप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में कुलदीप कौर और मनदीप कौर के अलावा करिश्मा राठौर, दलजीत कौर, सोनम कुमारी, सरबजीत कौर, जगरूप कौर, खुशबीर कौर, मंजू गिल, मुस्कान और ममता सिंह जैसी बेहतरीन खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। टीम के साथ मुख्य कोच गौरव शर्मा और मैनेजर राकेश कुमार भी ताईवान के लिए रवाना होंगे।
इस विशेष उपलब्धि पर खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए इंडियन टचबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष व ए.डी.जी.पी. (एस.ए.पी.) एम.एफ. फारूकी (आई.पी.एस.) और भारतीय टचबॉल टीम की जनरल सेक्रेटरी डॉ. रश्मी विज ने पूरी टीम को अपना आशीर्वाद दिया और आगामी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। ए.डी.जी.पी. एम.एफ. फारूकी ने इस मौके पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय टचबॉल टीम लगातार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है, जिसमें पंजाब के खिलाड़ियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि खिलाड़ियों को हर संभव मदद और सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं, ताकि वे बिना किसी बाधा के देश के लिए खेल सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भारत की यह टीम कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में देश का परचम लहराएगी और साथ ही पंजाब पुलिस के खिलाड़ी इसी तरह विभिन्न खेल विधाओं में राज्य और देश का नाम ऊंचा करते रहेंगे।
