जालंधर:** पंजाब सरकार द्वारा राज्य भर में 100 नए आम आदमी क्लीनिक स्थापित करने की मुहिम के तहत जालंधर जिले में 10 नए ‘आम आदमी क्लीनिक’ की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने शहर के सिद्धार्थ नगर, भार्गव नगर और स्पोर्ट्स एंड सर्जिकल कॉम्प्लेक्स में तीन नए क्लीनिकों का उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नए क्लीनिकों के खुलने से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस मौके पर पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत और सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। आम आदमी क्लीनिकों का यह विस्तार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पहले से ही 75 आम आदमी क्लीनिक लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे थे, और अब 10 नए क्लीनिक जुड़ने से इनकी कुल संख्या 85 हो गई है। इन क्लीनिकों में मरीजों को 107 प्रकार की दवाएं और 47 प्रकार के लैब टेस्ट मुफ्त दिए जा रहे हैं। साथ ही, गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त स्कैनिंग और ओ.पी.डी. के दौरान एंटी-रेबीज वैक्सीन की सुविधा भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत लोगों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है।
इसी श्रृंखला में, करतारपुर के विधायक बलकार सिंह ने सराय खास में एक नए आम आदमी क्लीनिक का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी क्रांति बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय निवासियों को उनके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा। इसके अलावा जिले के गांव लसाड़ा, नंगल, सलेमपुर, गदईपुर, लंबा पिंड और पॉलीटेक्निक कॉलेज में भी नए क्लीनिकों की शुरुआत की गई। इस उद्घाटन समारोह के दौरान पार्षद अय्यूब दुग्गल, राज कुमार राजू, रूपा भगत, गुरजीत सिंह घुम्मन, आम आदमी पार्टी के नेता स्टीफन क्लेर, सुदेश भगत सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

