हादसे के बाद घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फिल्लौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विनय कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है।

सुबह 8:30 बजे हुआ हादसा
जालंधर के फिल्लौर में हरिपुर खालसा गेट के पास सुबह करीब 8:30 बजे के बीच हादसा हुआ। परिवार नकोदर स्थित बाबा मुराद शाह दरगाह से माथा टेककर लौट रहा था। परिवार के कुछ सदस्य आगे एक्टिवा पर चल रहे थे, जबकि माता-पिता पीछे मोटरसाइकिल से आ रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा की सामने से आ रही ट्योटा की इटियॉस कार (PB01 9221) से जोरदार टक्कर हो गई।
एक्टिवा सवार महिला और 6 साल की बेटी की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लुधियाना के गांव भामियां निवासी एक्टिवा सवार विनय (38), पत्नी सुमन (35) और उनकी करीब 6 साल की बेटी कवीशा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को SDH फिल्लौर की इमरजेंसी में लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें ब्रॉट डेड घोषित कर दिया। डॉक्टर तरुण के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की सांसें और दिल की धड़कन बंद हो चुकी थीं।
कार ड्राइवर बोला- समझ नहीं आया कैसे हुआ हादसा
अस्पताल में उपचाराधीन कार सवार रविंदर सिंह ने बताया कि वे लुधियाना से नूरमहल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी कार की एक्टिवा से टक्कर हो गई। उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसका पता नहीं चल सका।
विनय पहले जालंधर रेफर, वहां दम तोड़ा
हादसे में विनय भी घायल हुए। उनकी बाईं टांग की हड्डी टूट गई थी। SDH फिल्लौर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर रेफर किया गया। वहीं हादसे में घायल एक अन्य बच्चे के सिर पर मामूली चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार और पट्टी के बाद उसकी हालत ठीक बताई गई है।
कार ड्राइवर भी घायल, नाक और हाथ में चोट
हादसे में कार ड्राइवर रूपिंदर सिंह भी घायल हुआ। उसके नाक और हाथों पर चोट आई है। नाक की हड्डी में फ्रैक्चर की आशंका के चलते उसका इलाज SDH फिल्लौर में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, कार ड्राइवर के स्वस्थ होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के साथ चल रहे थे अन्य सदस्य
जांच अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि परिवार धार्मिक स्थल से लौट रहा था। परिवार के अन्य सदस्य भी साथ चल रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस बोली- जांच के बाद तय होगी कार्रवाई
थाना फिल्लौर पुलिस हादसे की जांच कर रही है। पुलिस कार और एक्टिवा की टक्कर से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारी उमेश कुमार के अनुसार, घायल कार ड्राइवर के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

