कनाडा के एडमॉन्टन में गुरुद्वारा साहिब पर हमले की श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने की कड़ी निंदा, सुरक्षा की समीक्षा करने की अपील

- Advertisement -
Punjab Government

अखंड केसरी ब्यूरो :- कनाडा के अल्बर्टा प्रांत स्थित एडमॉन्टन के नानकसर गुरुद्वारा साहिब में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा दाखिल होकर सेवादार सिखों को घायल करने की घटना पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रबंधकों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की ओर बढ़ा था, लेकिन मौके पर मौजूद संगत और सेवादारों ने सूझबूझ से उसे रोक लिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। जत्थेदार ने घायल सेवादारों के जल्द स्वस्थ होने और चढ़दी कला की अरदास की।

हालांकि स्थानीय पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन जत्थेदार ने सिख संगठनों से इस मामले की गहराई से जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है ताकि यह पता चल सके कि कहीं किसी सिख विरोधी समूह ने बहकावे में आकर गुरु घर को निशाना बनाने की साजिश तो नहीं रची। उन्होंने कैलगरी के गुरुद्वारा साहिबों को हाल ही में मिली धमकियों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की।

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने कहा कि भले ही गुरु घर के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा और पहरेदारी की पुख्ता व्यवस्था करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कनाडा के सभी गुरुद्वारों के प्रबंधकों को सुरक्षा इंतजामों की पुन: समीक्षा करने और 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने की सलाह दी। साथ ही, वर्ल्ड सिख ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए—जिसमें सिखों के खिलाफ नफरत और भेदभाव के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है—उन्होंने सभी सिख संस्थाओं से आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने और सिख पहचान, परंपराओं तथा सिद्धांतों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a comment