जालंधर में ‘क्लीन पंजाब’ महाअभियान का आगाज: कैबिनेट मंत्री, मेयर और डीसी ने खुद झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

जालंधर(अंकित भास्कर ) :- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जालंधर में ‘क्लीन पंजाब’ महाअभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। भगवान महावीर मार्ग पर आयोजित इस कार्यक्रम में पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर विनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और ‘आप’ के वरिष्ठ नेता नितिन कोहली ने सफाई कर्मचारियों के साथ खुद सड़क पर झाड़ू लगाकर 10 दिवसीय राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। 29 अगस्त से 8 सितंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य चिन्हित कूड़ा स्थलों (गारबेज वल्नरेबल पॉइंट्स) को पूरी तरह समाप्त करना और वहां दोबारा कचरा जमा होने से रोकना है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन का काम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे साफ की गई जगहों पर दोबारा कचरा न फेंकें और नगर निगम का सहयोग करें। मेयर विनीत धीर ने बताया कि नगर निगम शहर के संवेदनशील कचरा डंपिंग पॉइंट्स की पहचान कर उन्हें स्थायी रूप से खत्म करने पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि नागरिक पंजाब सरकार के ‘एम-सेवा’ (M-Seva) ऐप के जरिए अपने इलाके के कूड़ा स्थलों की तस्वीरें अपलोड करके भी इस मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं।

वहीं, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने सूखे और गीले कचरे को घर पर ही अलग-अलग (सेग्रिगेशन) करने पर जोर दिया ताकि कचरा प्रबंधन वैज्ञानिक और सुगम तरीके से हो सके। वरिष्ठ नेता नितिन कोहली ने भी जनभागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक आम नागरिक सड़कों पर अनियंत्रित कचरा फेंकना बंद नहीं करेंगे, तब तक यह अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। प्रशासन और नेताओं ने शहरवासियों से इसे महज एक सरकारी कार्यक्रम न मानकर एक सतत जन-आंदोलन बनाने की पुरजोर अपील की।

Share This Article
Leave a comment