पंजाब ब्यूरो :- पंजाब के ऐतिहासिक कस्बे बाबा बकाला साहिब में चल रहे प्रसिद्ध ‘रखड़ पुन्निया’ मेले के दौरान देर रात एक निहंग सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव मिगलानी निवासी राजा सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजा सिंह रखड़ पुन्निया मेले में शामिल होने के लिए बाबा बकाला साहिब पहुंचा था, जहां अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद राजा सिंह का शव बाबा बकाला सिविल अस्पताल के पीछे एक सुनसान जगह से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर गोली लगने के दो निशान पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुरानी रंजिश समेत कई अन्य पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बाबा बकाला चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
