अखंड केसरी ब्यूरो :- अमृतसर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अटारी में कटीली तार के पास भारतीय सीमा में अवैध रूप से दाखिल हो रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ के जवानों ने पकड़ लिया। सीमा पर ड्यूटी पर तैनात जवानों को जब संदिग्ध हलचल महसूस हुई, तो वे तुरंत चौकस हो गए। बीओपी पुलमोरा कजरी के पास से भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहे इस नागरिक को जवानों ने रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार आगे बढ़ता रहा। इसके बाद बीएसएफ के मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेर कर अपनी हिरासत में ले लिया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अवैस, पुत्र मोहम्मद इलियास, निवासी गांव बाठ, थाना मुंडा पिंड, जिला फैसलाबाद, पाकिस्तान के रूप में हुई है। अटारी बॉर्डर स्थित पुल मोरां पर तैनात बीएसएफ की 100वीं बटालियन के जवानों ने उसे काबू किया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पकड़े गए घुसपैठिए को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस थाना घरिंडा को सौंप दिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस इरादे से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था। स्थानीय पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

