जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को गोली मार दी, जिससे वह घायल हुआ। उसे अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बता दें कि ASI सुखचैन सिंह पर ड्यूटी से घर जाते समय 3 बाइक सवार युवकों ने गोली चलाई थी। गोली ASI की बाजू को चीरती हुई आरपार हो गई। वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और घर पहुंच गए। पुलिस इसी मामले की जांच कर रही है।


मौका-ए-वारदात पर ले जा रही थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, अजनाला में GRP में तैनात ASI सुखचैन सिंह को गोली मारने के आरोप में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी को सोमवार दोपहर को पुलिस वारदात वाली जगह पर लेकर जा रही थी, ताकि सीन रिक्रिएट किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीन ली और फायरिंग करने लगा। हालांकि, उसके फायरिंग करने से पहले पुलिस ने मोर्चा संभाला और आरोपी को ही गोली मार दी। गोली आरोपी की टांग में लगी।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने फौरन स्थिति को संभाला और आरोपी के हाथ से राइफल छीन ली। इसके बाद आरोपी को उठाकर गाड़ी में डाला और अजनाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी हालत स्थिर है। आरोपी का इलाज चल रहा है।
वह पूरा मामला जानिए, जिसमें आरोपी पकड़े गए
अमृतसर के अजनाला में 4 अक्टूबर को गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) सुखचैन सिंह पर फायरिंग हुई थी। ASI सुखचैन सिंह अपनी ड्यूटी खत्म कर सादे कपड़ों में बाइक से अपने गांव जगदेव खुर्द लौट रहे थे। जब वह अपने घर से महज एक किलोमीटर दूर नहर के पुल के पास पहुंचे, तो पीछे से एक ही बाइक पर सवार 3 बदमाशों ने उन पर फायरिंग की।
अचानक हुए इस हमले में एक गोली ASI सुखचैन सिंह की बांह को चीरती हुई आरपार निकल गई। गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे।
इसके बाद उन्हें तुरंत अजनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि इस हमले के पीछे सुखचैन सिंह के भाई की हत्या का पुराना पारिवारिक विवाद हो सकता है।

