जालंधर में एक्साइज विभाग का बड़ा एक्शन : 3 ठिकानों पर रेड, रिकॉर्ड खंगाला; अमान्य होलोग्राम वाली बीयर बरामद

जालंधर में 3 ठिकानों पर एक्साइज विभाग की रेड।

जालंधर- जालंधर में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए एक्साइज विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वेस्ट की असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल की अगुवाई में टीम ने सोमवार को शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर अचानक दबिश दी।

इस जांच अभियान के दौरान एक प्रमुख हॉस्पिटैलिटी प्रतिष्ठान में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जहां अमान्य होलोग्राम वाली बीयर और अन्य राज्यों की पुरानी बोतलें बरामद की गईं। विभाग ने मौके पर बयान दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य दो स्थानों पर भी स्टॉक और दस्तावेजों की सघन जांच की गई।

वेस्ट जोन की असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल के दिशानिर्देशों पर एक्साइज इंस्पेक्टर मंजीत सिंह, सुमंत माही, इंद्रबीर सिंह और एक्साइज पुलिस स्टाफ की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से शहर के तीन संदिग्ध और प्रमुख व्यावसायिक परिसरों में छापेमारी कर गहनता से जांच-पड़ताल की।

जालंधर में 3 ठिकानों पर एक्साइज विभाग की रेड। - Dainik Bhaskarजांच के दौरान बरामद अमान्य होलोग्राम वाली बीयर की बोतलें।

होलोग्राम वाली बीयर की बोतलें रखी हुई थीं

सबसे पहले टीम J.P. Hospitality पहुंची। एक्साइज अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की, तो वह अधूरा पाया गया। फिर पूरे परिसर की तलाशी ली गई। वहां अमान्य होलोग्राम वाली बीयर की बोतलें रखी हुई थीं। परिसर से पंजाब के बाहर के राज्यों की इस्तेमाल की हुई शराब की खाली और पुरानी बोतलें भी बरामद हुईं। टीम ने तुरंत संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति के बयान दर्ज किए और आबकारी नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

रजिस्टर और अन्य दस्तावेज पूरी तरह से दुरुस्त

इसके बाद एक्साइज टीम ने Blessed and Dressed नामक प्रतिष्ठान पर निरीक्षण के लिए दबिश दी। यहां टीम ने भौतिक स्टॉक का मिलान आधिकारिक स्टॉक रजिस्टर से किया। जांच में पाया गया कि रजिस्टर में दर्ज आंकड़े और मौके पर मौजूद शराब का स्टॉक पूरी तरह से मेल खा रहा था। इसके अलावा, परिसर में पंजाब के बाहर किसी अन्य राज्य की शराब की कोई मौजूदगी नहीं पाई गई। यहां का स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेज पूरी तरह से दुरुस्त पाए गए।

आगे भी जारी रहेगा ऐसा अभियान

अंत में टीम जांच के लिए Para Foods पहुंची। निरीक्षण के दौरान जब अधिकारियों ने मैनेजर से ड्राफ्ट बीयर से संबंधित रजिस्टर दिखाने को कहा, तो वह पेश नहीं कर सका। जब टीम ने उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर के माध्यम से इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) के स्टॉक की जांच की, तो वह भौतिक रूप से बिल्कुल सही और नियमों के अनुकूल पाया गया। एक्साइज विभाग का कहना है कि शहर में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment