अमृतसर में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर का एनकाउंटर: पुलिस ने रोका तो फायरिंग कर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में ढेर

गैंगस्टर हरमन बोपाराय को पकड़कर ले जाती पुलिस।

अमृतस​र अमृतसर में बुधवार को पुलिस ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर का एनकाउंटर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर रोकने की कोशिश की गई तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 6 राउंड फायर हुए। जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर हरमन की टांग में गोली लगी।

पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। हरमन गुरदासपुर के हनुमान चौक में हुए ग्रेनेड अटैक समेत कई मामलों में नामजद है और एक मामले में घोषित अपराधी भी है।

पुलिस ने आरोपी गैंगस्टर की पहचान हरमन बोपाराय निवासी बोपाराय के रूप में की है। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और उसकी आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी जांच कर रही है।

अमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर हरमन भोपा राय का एनकाउंटर किया। दोनों तरफ से 6 राउंड फायरिंग हुई। - Dainik Bhaskarअमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर हरमन भोपा राय का एनकाउंटर किया। दोनों तरफ से 6 राउंड फायरिंग हुई।

SSP ने बताया, कैसे हुआ एनकाउंटर…
  • गुप्त सूचना पर लगाया था नाका: अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के अनुसार, थाना मत्तेवाल इलाके में सुबह फायरिंग हुई थी और मामले की जांच पुलिस की CIA समेत कई टीमें कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरमन बोपाराय इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भोआ साइड से चुगावां की तरफ आने वाले रास्ते पर सुए के पास नाका लगाया।
  • स्प्लेंडर पर अकेला आया, रुकने को कहा तो फायरिंग की: पुलिस के अनुसार हरमन स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर अकेला वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद उसने पुलिस की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक हरमन ने करीब 3-4 फायर किए। इनमें से एक गोली एसएसपी दलजीत सिंह की बांह के पास से निकल गई।
  • पहले हवाई फायर, फिर टांग में मारी गोली: पुलिस के मुताबिक टीम ने हरमन को रोकने के लिए पहले हवाई फायर किया और दोबारा रुकने का इशारा किया। इसके बावजूद वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली हरमन की टांग में लगी। घायल होने के बाद उसे काबू कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
  • मौके से जिंदा और खाली कारतूस मिले: एसएसपी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान हरमन की तरफ से करीब 3-4 फायर और पुलिस की तरफ से करीब 3 फायर किए गए। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और कुछ खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मौके से बरामद पिस्तौल।
मौके से बरामद पिस्तौल।

ग्रेनेड अटैक समेत कई केसों में वांटेड

पुलिस के अनुसार, हरमन सिंह उर्फ हरमन बोपाराय के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें स्नैचिंग, हत्या के प्रयास से जुड़े मामले और BNS की धारा 109 का मामला शामिल है। पुलिस का कहना है कि वह गुरदासपुर के हनुमान चौक में हुए ग्रेनेड अटैक मामले में भी नामजद है और पुलिस उसे पकड़ने की तलाश में थी।

रिमांड लेकर पुराने मामलों पर पूछताछ करेगी पुलिस

अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक, अस्पताल में इलाज के बाद हरमन को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। उससे उसके खिलाफ दर्ज मामलों, हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद उससे जुड़े अन्य मामलों और साथियों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।

Share This Article
Leave a comment