अखंड केसरी ब्यूरो :- जनगणना-2027 के आगामी दूसरे चरण (आबादी गणना) को पूरी पारदर्शिता, सटीकता और तकनीकी दक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए जालंधर के लायलपुर खालसा कॉलेज में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस महत्वपूर्ण सत्र में जिले के करीब 50 चुनिंदा फील्ड ट्रेनर हिस्सा ले रहे हैं, जिन्हें मास्टर ट्रेनरों द्वारा डिजिटल एप्लीकेशनों के प्रभावी उपयोग, जनगणना की कार्य-प्रणाली और घर-घर जाकर पूछे जाने वाले निर्धारित 40 प्रश्नों को सही तरीके से हल करने का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां प्रशिक्षित होने के बाद ये फील्ड ट्रेनर आगामी 5 अक्तूबर से 10 नवंबर 2026 के बीच जमीनी स्तर पर तैनात होने वाले गिनतीकारों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया के तहत आगामी 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों के लिए ‘स्व-गणना’ (सेल्फ इन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे लोग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी खुद दर्ज करा सकेंगे। इसके पश्चात, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक विधिवत रूप से आबादी गणना का कार्य घर-घर जाकर पूरा किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस तकनीक-आधारित जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह त्रुटिरहित और समयबद्ध बनाना है, ताकि जालंधर जिले में डेटा संग्रहण का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
