टांडा-दसूहा रोड पर आंधी के चलते पेड़ गिर गए। इससे टांडा से होशियारपुर को जोड़ने वाला लिंक रोड करीब 3 घंटे तक आवाजाही के लिए बंद रहा। वहीं, पठानकोट में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। बारिश और ओले गिरने से ठंडक बढ़ गई है।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पंजाब में कल के मुकाबले औसत अधिकतम तापमान में 1.8°C की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, राज्य में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। आज पंजाब में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 36.1°C रहा।
चंडीगढ़ शहर में अधिकतम तापमान 32.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3°C अधिक है। शहर में शाम 5:30 बजे तक 7.8एमएम बारिश भी रिकॉर्ड की गई। एयरपोर्ट क्षेत्र में तापमान 32.3°C रहा। 12 अक्टूबर से रात को ठंड बढ़ने के आसार हैं।





होशियारपुर में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान गिरावट होशियारपुर में देखने को मिली, जहां पारा 4.5°C तक लुढ़क गया। यहां अधिकतम तापमान 30.3°C दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके असर से पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पंजाब में मौसम बदलने और ठंडी हवाएं चलने से बिजली की मांग कम रही। राज्य में मंगलवार को बिजली की मांग 9,527 मेगावाट रही। 4,832 मेगावाट बिजली की खपत हुई, जबकि 4,697 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ।

