यह घटना दिलबाग नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास की है। इलाके की रहने वाली 70 वर्षीय अंजना शर्मा मंदिर में माथा टेकने और पास की गौशाला में गायों को रोटी डालने जा रही थीं। मंदिर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उन्हें रोका और कहने लगा कि वह भूखा है तथा उसे खाने के लिए कुछ पैसे चाहिए।
अंजना शर्मा ने तरस खाकर जैसे ही उसकी मदद करनी चाही, तभी बुजुर्ग का एक नौजवान साथी भी वहां आ गया। दोनों ने महिला को बातों के जाल में उलझाना शुरू कर दिया। इसी बीच आरोपियों ने चालाकी से महिला को एक रुमाल थमा दिया, जिसमें कोई नशीला पदार्थ लगा हुआ था।
आरोपी ने बाजू से सोने की चूड़ियां उतार ली
रुमाल सूंघते ही महिला की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो गई। हालांकि वह होश में थीं, लेकिन आरोपियों ने उनका ‘माइंड वॉश’ कर दिया। इसके बाद शातिर बदमाशों ने बड़ी सफाई से उनकी बाजुओं से सोने की चूड़ियां उतार लीं। महिला को कुछ समझ आता, इससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर रफूचक्कर हो गए।
आस-पास के लोगों को जब घटना का पता चला तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना के एडिशनल एसएचओ गुरदीप चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़िता से पूरी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरु की
जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के अनुसार आरोपी उनकी करीब साढ़े 4 तोले सोने की चूड़ियां ले उड़े हैं। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

