हमलावरों ने ताबड़तोड़ हमला किया
यह घटना सरी की 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू पर स्थित वॉलमार्ट के ठीक सामने वाली पार्किंग में कल रात करीब 10:38 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय पंजाबी युवक और 24 वर्षीय पंजाबी युवती एक लाल रंग की स्पोर्ट्स कार में मौजूद थे। तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दोनों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। अब इस हत्याकांड की जांच ‘इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम’ (IHIT) कर रही है। दोनों मृतक डेल्टा इलाके के रहने वाले
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवक पहले से ही हथियारों से जुड़े एक मामले में पुलिस की नजर में था। दोनों मृतक डेल्टा इलाके के रहने वाले थे। पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है और उसके परिवार को सूचित कर दिया है, जबकि युवती की पहचान करने की प्रक्रिया अभी जारी है।

मृतक युवक घर का बड़ा लड़का
मृतक युवक के परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, वह अपने घर के तीन बच्चों में सबसे बड़ा था और उसके एक छोटा भाई व बहन हैं। परिजनों ने बताया कि कार में मौजूद लड़की उसकी गर्लफ्रेंड थी। हालांकि, परिवार ने इस मामले में आगे कोई भी जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया है। हमलावरों ने अपनी गाड़ी को आग लगा दी
जांच टीम ने यह भी खुलासा किया है कि गोलीबारी की इस वारदात के महज 15 मिनट बाद ही प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद रंग की सेडान कार जलती हुई हालत में मिली है। पुलिस को शक है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए अपनी गाड़ी को आग लगा दी।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी है, तो वह आगे आए। पुलिस ने खास तौर पर घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से सीसीटीवी या डैशकैम फुटेज साझा करने का अनुरोध किया है ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके।

