दादी को अंतिम विदाई देने पंजाब आएंगे सांसद अमृतपाल : 3 घंटे की पैरोल मंजूर, वीडियो कॉल से निभाएंगे बाकी रस्में

- Advertisement -

अमृतसर– असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 3 घंटे की पैरोल पर गांव पहुंचेंगे। अदालत ने इसकी अनुमति दे दी है। अंतिम अरदास की बाकी रस्मों में वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे।

चाचा सुखचैन सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह के गांव पहुंचने पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। अदालत और प्रशासन की ओर से जो भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, परिवार उनका पालन करेगा और प्रशासन को पूरा सहयोग देगा। उन्होंने संगत से भी अपील की कि वे अपने प्रिय नेता से मिलने के दौरान अनुशासन बनाए रखें।

सुखचैन ने बताया कि नए आदेश के अनुसार, अमृतसर देहाती पुलिस को अमृतपाल सिंह को गांव लाने की जिम्मेदारी दी गई है। अमृतपाल को दोपहर 12 बजे तक घर पहुंचना है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद कार्यक्रम में बदलाव संभव हैं।

पहले 17 नवंबर को होना था अंतिम संस्कार

अमृतपाल सिंह के चाचा ने बताया कि पहले अंतिम संस्कार 17 को होना था, लेकिन तारीख बदलकर 21 नवंबर कर दी गई। इसके बाद उनके चाचा हरजीत सिंह और सुखमन सिंह की याचिकाओं पर भी अदालत में सुनवाई होनी है।

परिवार ने सरकार से खर्च उठाने की अपील की थी

अंतिम संस्कार के खर्च को लेकर सुखचैन सिंह ने कहा कि परिवार ने सरकार से खर्च उठाने की अपील की थी। अमृतपाल सिंह को इतनी दूर असम की जेल में सरकार की ओर से रखा गया है, इसलिए आने-जाने और इससे जुड़े खर्च की जिम्मेदारी भी सरकार को उठानी चाहिए।

अंतिम संस्कार में नहीं लगेगा कोई स्टेज

वहीं, अमृतपाल सिंह की दादी के अंतिम संस्कार के दौरान किसी स्टेज या सार्वजनिक संबोधन की संभावना से उन्होंने इनकार किया। सुखचैन सिंह ने कहा कि यह दुख की घड़ी है और इसमें स्टेज लगाने का कोई कार्यक्रम नहीं है। भोग के दौरान सिख मर्यादा के अनुसार कीर्तन, कथा और अरदास की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment