भीड़ देखकर रुके जवान
जानकारी के मुताबिक, कांस्टेबल कंवलदीप सिंह अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर थे। टीम वाहन में तेल डलवाने के लिए आई हुई थी। वहां से वापस लौटते समय उन्होंने सड़क किनारे एक दुकान के बाहर काफी लोगों की भीड़ देखी। जब उन्होंने लोगों से कारण पूछा तो पता चला कि दुकान के अंदर सांप घुस गया है।
लोगों में सांप को लेकर काफी डर था। इसके बाद कांस्टेबल कंवलदीप सिंह खुद दुकान के अंदर गए और सांप की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उन्हें सांप दिखाई दिया। उन्होंने सावधानी बरतते हुए सांप को पकड़ लिया।
लोगों को दी सावधानी की सलाह
कंवलदीप सिंह के मुताबिक, यह सांप जहरीला नहीं था और इसे आम तौर पर इंडियन रैट स्नेक यानी धामन के नाम से जाना जाता है। हालांकि उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी भी सांप को देखकर उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि काटने से चोट या संक्रमण का खतरा हो सकता है।


सांप को पकड़ने के बाद कांस्टेबल ने उसे सुरक्षित तरीके से आबादी से दूर एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। सांप के बाहर निकलने के बाद दुकानदार और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस पूरी घटना में कांस्टेबल कंवलदीप सिंह की तत्परता और साहस की लोगों ने सराहना की। उन्होंने समय रहते स्थिति को संभाला और सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही लोगों से अपील की कि घर या दुकान में सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय दूरी बनाए रखें और विशेषज्ञों या संबंधित विभाग की मदद लें।
