अमृतसर- अमृतसर के घरिंडा थाना पुलिस ने हथियारों की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान पिंड भकना निवासी कैप्टनप्रीत सिंह उर्फ संधू पुत्र हरपाल सिंह और अरशदीप सिंह पुत्र बंगीचा सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ थाना घरिंडा में 16 अगस्त 2026 को मुकदमा नंबर 360 दर्ज किया गया। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25(8), 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
ASI जगतार सिंह CIA स्टाफ की पुलिस टीम के साथ संदिग्ध लोगों की तलाश में गश्त कर रहे थे। टीम राज पैलेस के पास जीटी रोड, अटारी में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कैप्टनप्रीत सिंह और अरशदीप सिंह पाकिस्तान से हथियार और गोला-बारूद लाकर इलाके में सप्लाई करते हैं।
हथियारों के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 30 बोर की छह पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस ने हथियारों के साथ काले रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथियार कहां से आए, जांच में जुटी पुलिस
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पाकिस्तान से हथियार लाने और उनकी सप्लाई करने की बात फिलहाल मुखबिर की सूचना के आधार पर सामने आई है।
