
नूरपुर से चोलंग के बीच किशनगढ के पास जौहल ढाबे के समीप सुबह 5 बजकर 41 मिनट पर हादसा हुआ। जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एसएसएफ टीम ने बताया कि उनको सुबह करीब 5:33 बजे एक राहगीर के माध्यम से हादसे की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही एसएसएफ (SSF) की टीम सुबह 5:41 बजे मौके पर पहुंची। एक बलेनो कार (PB07 CA 1510) भोगपुर से जालंधर की ओर जा रही थी। अचानक गाडी अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई और जालंधर से पठानकोट की ओर जा रही एक क्रेटा कार (UP21 CJ 9595) से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार के परखच्चे उड गए।
बलेनो कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, क्रेटा कार में सवार उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएसएफ टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों में होशियारपुर, घायलों में बरेली के लोग
मृतकों में बलेनो कार सवार रुपिंदर सिंह निवासी हिम्मतपुर, जिला होशियारपुर, हरप्रीत कौर पत्नी रुपिंदर सिंह, अर्शदीप सिंह पुत्र रुपिंदर सिंह और संतोष कौर के तौर पर हुई है। घायलों में क्रेटा कार सवार अलीना खान पुत्री अब्दुल सईद खान,अब्दुल सईद खान, परवीन खान, अब्दुल फैजल खान, मैनाल खान के रूप में हुई है।
डीएसपी राजीव कुमार ने लिया घटना का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी अलावलपुर के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही डीएसपी राजीव कुमार भी घटनास्थल पर उपस्थित रहे। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दोनों वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात को सुचारू किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
