BREAKING: पंजाब पुलिस का SI हेरोइन समेत गिरफ्तार, घर से मिली ड्रग मनी; PAK नेटवर्क से जुड़े तार

SI साहिब सिंह को हिरासत में लिया गया है। - फाइल फोटो
अमृतस​र- तरनतारन में थाना खालड़ा में तैनात सब-इंस्पेक्टर साहिब सिंह को सीआईए स्टाफ की टीम ने करीब 300 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि संबंधित पुलिस अधिकारी कथित तौर पर अपनी वर्दी का दुरुपयोग करते हुए नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है। इसी सूचना के आधार पर एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुतापन सिंह की अगुआई में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने कार्रवाई को अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, यह बरामदगी तरनतारन जिले के गांव मजूपुर के निवासी साहिब सिंह से जुड़े झबाल के पास स्थित एक अहाते से हुई। छापेमारी के दौरान करीब 300 ग्राम हेरोइन और कथित ड्रग मनी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने साहिब सिंह को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी SI पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को पंजाब सहित अन्य राज्यों में भेजने में मदद करता था। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पंजाब पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में बरामदगी, गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी का आधिकारिक पुष्टि के साथ सामने आना अभी बाकी है।

Share This Article
Leave a comment