जालंधर – जालंधर में चलती स्कॉर्पियो में आग लग गई। जिससे ड्राइवर जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। लोगों ने आग बुझाकर ड्राइवर को बचाने की कोशिश की। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग बुझाई तो अंदर से ड्राइवर की जली हुई लाश मिली। स्कॉर्पियो पर कपूरथला का नंबर लगा हुआ था। पुलिस ने जली हुई लाश और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में पता चला कि आग लगते ही स्कॉर्पियो के दरवाजे लॉक हो गए, जिस वजह से ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया। पुलिस जांच में जुटी हुई है।


गाड़ी की नंबर प्लेट भी जली मिली
पुलिस के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि फोलड़ीवाल में खेतों में बने छप्पड़ (तालाब) के पास एक चलती स्कॉर्पियो में आग लग गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर आग बुझानी चाही। कामयाब न होने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड बुलाई गई। पुलिस वहां पहुंची तो गाड़ी से नंबर प्लेट जली मिली। इतना जरूर पता चला है कि स्कॉर्पियो पर कपूरथला का नंबर लगा हुआ था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
शव की पहचान करना मुश्किल
पुलिस के मुताबिक मरने वाले का शव काफी जल चुका है। आग की वजह से स्कॉर्पियो से कोई ऐसी चीज नहीं मिली, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इस वजह से अब पुलिस पहले गाड़ी के मालिक के बारे में पता कर रही है ताकि जिंदा जले व्यक्ति के बारे में पता लगाया जा सके।

इन एंगल से जांच कर रही पुलिस
- 1. शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी: पुलिस जांच कर रही है कि चलती स्कॉर्पियो में कहीं शॉर्ट सर्किट तो नहीं हुआ या फिर कोई तकनीकी खराबी आई, जिसकी वजह से गाड़ी में आग लगी। शुरूआती तौर पर यही माना जा रहा है लेकिन पुलिस अभी जांच की बात कह रही है।
- 2. हत्या कर शव जलाने की कोशिश: पुलिस को यह भी शक है कि कहीं किसी ने गाड़ी में जले ड्राइवर का पहले मर्डर कर फिर उसमें बंद कर स्कॉर्पियो में आग तो नहीं लगाई। इस हिसाब से यह वारदात जानबूझकर करने का भी शक है। हालांकि पुलिस अभी औपचारिक तौर पर कुछ नहीं कह रही है।
