लुधियाना– पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग के अपने ही लोकसभा क्षेत्र लुधियाना में रखे प्रोग्राम में हंगामा हो गया। कुछ कांग्रेस समर्थक यहां AICC के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के जनरल डायर की फोटो व उस पर ‘बघेल गो बैक’ के नारे वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंच गए।
इस दौरान मंच से पूर्व MLA सिमरजीत बैंस ने चूड़ियां डालने का इशारा किया। यह देखकर पूर्व मंत्री के समर्थक भड़क गए। उन्होंने भी नारेबाजी शुरू कर दी। खास बात ये है कि इस बार पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी को हाईकमान की फटकार के बाद उनके नहीं बल्कि यहां उनके करीबी व पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।
आशू समर्थकों का आरोप है कि राजा वड़िंग ने इशारे करके उन्हें उकसाया। वहीं, वड़िंग ने उन्हें RSS के चमचे बताकर नारेबाजी करते हुए बाहर जाने के लिए कहा। उन्होंने आशू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो पूरी कांग्रेस को लुधियाना में जेब में लेकर चलते थे, उन्होंने छह की छह सीटें हरा दी। वही मेयर लगाते थे, वही चेयरमैन लगाते थे। उन्होंने बताया कि आज की पूरी रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी।


मंच से चूड़ियां डालने का इशारे करते हुए पूर्व MLA सिमरजीत बैंस।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद, पॉइंट में पढ़िए…
- वड़िंग की एंट्री पर लगे जिंदाबाद के नारे: 11.45 बजे भूपेश बघेल और राजा वड़िंग की गुरु नानक देव भवन में एंट्री हुई। एंट्री के साथ ही समर्थकों ने राजा वड़िंग जिंदाबाद के नारे लगाए। इतने में राजा वड़िंग ने जिंदाबाद के नारे लगाने से रोका और कहा कि कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाएं।
- मंच से चूड़िंय डालने का इशारा: सिमरजीत सिंह बैंस को जब माइक मिला तो उसके समर्थकों ने बैंस जिंदाबाद के नारे लगाए और बैंस ने इशारा किया कि चूड़ियां डालो। इसके बाद आशू समर्थक आक्रोशित हो गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। फिर वड़िंग ने सभी को चुप करवाने की कोशिश की। इसके बाद वड़िंग व आशु के समर्थक आमने सामने हो गए। वड़िंग ने उन्हें आरएसएस के कार्यकर्ता कह दिया और गो बैक के नारे लगाए। वडिंग ने यहां तक कहा कि अब ज्यादा किया तो लड़ाई हो जाएगी।
- बघेल गो बैक’ लिखी टी-शर्ट लहराई: माहौल खराब होने के बाद आशू समर्थक बाहर निकल गए और उन्होंने राजा वड़िंग व बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के दलित समुदाय के कार्यकर्ता टी-शर्ट पर बघेल गो बैक का स्लोगन लिखकर लाए थे और उन्होंने मीटिंग दौरान टी-शर्ट लहराई। आशू समर्थकों के बाहर आने के बाद मीटिंग शुरू हुई और नेताओं ने भाषण देने शुरू किए।

प्रोग्राम में नारेबाजी करते आशू समर्थक और बघेल गो बैक की टी-शर्ट पहनकर आए कांग्रेस वर्कर।

