होशियारपुर: टांडा के पास आवारा कुत्तों का आतंक, सोते समय 4 वर्षीय मासूम बच्ची को नोच-नोच कर मार डाला

परिजन में विलाप करते हुए (इनसैट में) कुत्तों द्वारा मारी गई बच्ची।

होशियारपुर।  पंजाब के होशियारपुर में टांडा के नजदीक स्थित गांव बस्सी जलाल से एक बेहद ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ आवारा कुत्तों के हमले के कारण एक चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान राम जी की पुत्री गुनगुन के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार पास के ही एक गाँव में धान की बुवाई (लाई) का काम कर रहा था और इस दौरान मासूम गुनगुन खेत में एक पेड़ के नीचे सोई हुई थी। इसी बीच आवारा कुत्तों के एक झुंड ने अचानक सोती हुई बच्ची पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह नोच कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

बच्ची की चीखें सुनकर उसकी माँ और परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर भागे और उसे लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने रोते हुए बताया कि गुनगुन उनकी इकलौती बेटी थी और उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत की लहर है। पीड़ित परिवार और गाँव वालों ने प्रशासन के प्रति भारी रोष जताते हुए आवारा कुत्तों की समस्या का तुरंत समाधान करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की माँग की है।

Share This Article
Leave a comment