इस मौके पर जिला अध्यक्ष अमृत पाल सिंह, लोकसभा प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नितिन कोहली, मेयर विनीत धीर, राजविंदर कौर थ्यारा और संदीप भगत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
भगत ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी मांगों के कारण आम जनता को आ रही दिक्कतों से सरकार पूरी तरह वाकिफ है। इसी सिलसिले में जालंधर और पंजाब के सफाई आयोग के चेयरमैन ने चंडीगढ़ जाकर स्थानीय निकाय मंत्री और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से मुलाकात की है। सरकार पंजाब की अलग-अलग कर्मचारी यूनियनों से लगातार संवाद स्थापित कर रही है ताकि हर वर्ग की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
सरकार हमेशा कर्मचारियों के साथ खड़ी: मंत्री भगत
भगत ने कहा कि मान सरकार कर्मचारियों के साथ खड़ी है। इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी सरकार ने सफाई कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके दैनिक वेतन और भत्तों में 107 रुपए से बढ़ाकर सीधे 205 रुपए तक की सीधी बढ़ोतरी की है। इस फैसले से पूरे पंजाब के गांवों और शहरों में तैनात हजारों कर्मचारियों को सीधा लाभ पहुंचा है और उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
सफाई क्मचारियों की मांगों का बातचीत से निकलेगा हल
मोहिंदर भगत ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ग्रेवाल जी और विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी जायज मांगों को बातचीत के ज़रिए सुलझा रहे हैं, इसलिए फिलहाल किसी भी तरह की हड़ताल नहीं की जाएगी। सरकार का रुख हमेशा सकारात्मक रहा है और कर्मचारियों के लिए सरकार के दरवाजे हर समय खुले हैं।

