परिवार सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (नंबर PB 08 BY 3813) में सवार होकर कपूरथला से जालंधर स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी जालंधर के माता रानी चौक के पास पहुंची, कार के अगले हिस्से से धुआं और लपटें निकलने लगीं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, अचानक उठीं लपटें
कार ड्राइवर ने बताया कि वे परिवार के साथ कपूरथला से जालंधर आ रहे थे। सफर के दौरान कार से आवाज आई। कुछ ही देर में उसके अगले हिस्से से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण वायरिंग में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
तत्परता से बचाई गई जान
आग की लपटें देखते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोक दी और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बाहर निकलने से कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
पास के गैरेज की मदद से बुझाई गई आग
घटनास्थल के पास मौजूद ऑटो गैरेज के कर्मचारी और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने कार को गैरेज के अंदर ले जाकर पानी का छिड़काव किया। हादसे में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे, लेकिन कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
